भास्कर संवाददाता | बड़वानी राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले सोमवार को जिले की सभी मंडियों में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री, कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपे। बड़वानी मंडी में किसान पदाधिकारियों ने तहसीलदार हितेंद्र भावसार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा स्लॉट बुकिंग खत्म कर टोकन व्यवस्था चालू की जाए। मोश्यर मशीन हटाकर कपास खरीदा जाएं। मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार खेत में सिंचाई के लिए बिजली 10 घंटे दिन में दी जाए। 4 दिसंबर को खलघाट में जो किसानों द्वारा शांतिपूर्ण धरना आंदोलन हुआ है। उसमें धामनोद थाने पर निर्दोष किसानों पर प्रकरण दर्ज किया है। उसे तत्काल वापस लिया जाए। मक्का, ज्वार, बाजरा, मूंगफली, मूंग, उड़द इन फसलों की एमएसपी पर खरीदी की जाए। मंडी में किसान की उपज बिकने के बाद संबंधित व्यापारी के यहां माल खाली कराने के नाम पर 200 रुपए कीमत घटाकर उपज खाली कराई जाती है, जो मंडी अधिनियम 1972 एक्ट का पालन नहीं हो रहा। ऐसे में मंडी सचिव के खिलाफ आपराधिक मुकद्दमा दर्ज कराया जाए और पद से हटाया जाए। किसानों ने इस सभी समस्या का निराकरण करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं करने पर आगामी दिनों में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ जिला बड़वानी द्वारा आंदोलन किया जाएगा। बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे।


