भास्कर संवाददाता | बड़वानी आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व का आयोजन पूर्णगरिमा, हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ होना चाहिए। समारोह को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकियों और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों अनुसार काम कराएं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर जयति सिंह ने यह बात कही। जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा- नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी कर लंबित प्रकरण तत्काल समाप्त किए जाए। कॉलेजों में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से फॉर्म 6 पंजीकरण में तेजी लाई जाए। सीएम हेल्पलाइन पर कलेक्टर ने कहा- शिकायतों का निराकरण गुणवत्ता आधारित हो, तकनीकी बाधा दूर की जाए और ब्लॉक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित हो। स्वच्छ जल अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड से कम से कम 5 पानी के नमूनों की जांच और उनकी जियो टैग लोकेशन दर्ज करना अनिवार्य है। कृषि विभाग को नेशनल मिशन फॉर नैचुरल फार्मिंग अंतर्गत क्लस्टर निर्माण के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पानसेमल मिल्क रूट, नस्ल सुधार और केसीसी पर काम तेजी से करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ काजल जावला, संयुक्त कलेक्टर राजा रवि वर्मा सहित जिले के अधिकारी उपस्थित थे।


