‘स्वच्छ भारत मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’:ब्रांड एंबेसेडर केके गुप्ता भीलवाड़ा पहुंचे, बोले- अधिकारी खानापूर्ति कर रहे; 2 को नोटिस जारी

राजस्थान सरकार के ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन की वर्कशॉप में शामिल होने भीलवाड़ा पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में अधिकारी खानापूर्ति कर रहे हैं, सरकार के पैसे का उपयोग पूरा नहीं हो पा रहा है। राजस्थान जब तक स्वच्छ नहीं बनेगा, तब तक समृद्ध नहीं बन पाएगा। अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजस्थान को स्वच्छ और विकसित बनाना है, स्वच्छता के बिना कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मिशन में अधिकारियों की लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए उन्होंने नगर निगम नगर परिषद और नगर पालिकाओं को टिप्स दिए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा
उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत हर घर से कचरा कलेक्शन हो और समयबद्ध तरीके पर हो यह सुनिश्चित किया जाएगा। निगम जीपीएस के माध्यम से कचरा इकट्ठा करने वाली गाड़ियों की मॉनिटरिंग करेगी। सार्वजनिक स्थान पर बने हुए टॉयलेट दिन में तीन बार साफ किए जाएंगे। गंदगी की शिकायत मिलने पर एक्शन लिया जाएगा। इसके साथ ही शहर और जिले में खाली प्लॉट की उसका मालिक लगातार साफ-सफाई करे, नहीं करने पर जुर्माना लगाया जाए और इसके बाद भी अगर नहीं मानता है तो प्लॉट को सीज किया जाए।शहर की नालियां गंदी नहीं रहे और उनकी साफ सफाई बराबर हो उसके लिए प्रॉपर मॉनिटरिंग की जाएगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी
उन्होंने नाइट स्वीपिंग यानी रात में सफाई पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि बाजार में हर व्यापारी अपनी दुकान के बाहर कचरा पात्र रखे, जिससे कचरा उस पात्र में डाला जा सके। हर पोल पर लाइट जले, इसका विशेष इंतजाम किया जाएगा। इन कामों के अलावा भी यदि कोई समस्या है, तो उसकी शिकायत के लिए एक नंबर जारी किया जाएगा और सार्वजनिक स्थान पर इसके बोर्ड लगाए जाएंगे। लगातार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई के कार्यों की मॉनिटरिंग की जाएगी। दो नगरपालिकाओं को नोटिस भेजे
इससे पहले गुप्ता ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में नगर निगम, नगर परिषद और विभिन्न नगर पालिकाओं के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मीटिंग में गंगापुर ओर मांडलगढ़ नगर पालिका के अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर गुप्ता नाराज हुए और दोनों को नोटिस भिजवाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *