स्वतंत्रता दिवस को लेकर गश्त, अतिरिक्त नाके भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग की जाए : डीजीपी

भास्कर न्यूज | अमृतसर स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को अमृतसर, जालंधर और लुधियाना के साथ-साथ बॉर्डर जालंधर, लुधियाना और रोपड़ रेंज के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की और बैठक में काउंटर-टेरर रणनीतियों पर चर्चा की और नाके बढ़ाने, इंटर-डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन और 24 घंटे निगरानी जैसे अहम ऑपरेशनल निर्देश जारी किए। उन्होंने युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम और गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की। ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए डीजीपी ने सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त, पारदर्शी और बिना समझौते की कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने धारा 68-एफ के तहत वित्तीय जांच और हवाला नेटवर्क पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए ताकि ड्रग तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ा जा सके और किसी भी गतिविधि को होने से रोका जाए। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र डीजीपी ने सभी सीपी/एसएसपी को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए अहम स्थानों पर पुलिस की मजबूत मौजूदगी, डोमिनेशन ऑपरेशंस और अन्य रोकथाम व जांच उपायों को तेज करने के लिए भी कहा। उन्होंने रात्रि गश्त, अतिरिक्त पुलिस नाके और संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्पष्ट पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठकों के दौरान डीजीपी ने एसएचओ समेत सभी रैंकों के अधिकारियों से सीधा संवाद कर ज़मीनी अनुभव साझा करने और जिलों के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से ड्रग्स सप्लाई चेन तोड़ने की रणनीति पर जोर दिया। इस बैठक में सीपी जालंधर धनप्रीत कौर, सीपी अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, सीपी लुधियाना स्वप्न शर्मा, डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला, डीआईजी रोपड़ रेंज हरचरण सिंह भुल्लर, डीआईजी बॉर्डर रेंज नानक सिंह, एसएसपी अमृतसर देहाती मनिंदर सिंह, एसएसपी गुरदासपुर आदित्य, एसएसपी बटाला सुहैल कासिम मीर, एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क, एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा, एसएसपी होशियारपुर संदीप मलिक, एसएसपी पठानकोट दिलजिंदर सिंह ढिल्लों, एसएसपी एसबीएस नगर मेहताब सिंह, एसएसपी खन्ना डॉ. ज्योति यादव, एसएसपी जगराओं अंकुर गुप्ता, एसएसपी रूपनगर गुलनीत सिंह खुड़ाना, एसएसपी एसएएस नगर हरमंदीप हंस और एसएसपी फतेहगढ़ साहिब व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *