बैकुंठपुर | भाजपा महिला मोर्चा की छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के प्रथम कोरिया आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक करमा नृत्य, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की समीक्षा की गई। साथ ही हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब देशवासी स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को भारतीय संस्कृति और स्वाभिमान से जोड़ते हुए जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा जिला महामंत्री संगीता गुप्ता ने किया।


