बोकारो | बोकारो में आगामी 10 से 25 फरवरी तक मॉस ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में बोकारो के लक्षित जनसंख्या 27 लाख 54 हजार 182 के विरूद्ध 24 लाख 23 हजार 681 लोगों को फाइलेरिया व कृमिनाशक दवाएं खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने अपने कार्यालय सभाकक्ष में डीएमओ डॉ. रेणु की अध्यक्षता में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही। बताया कि निर्धारित लक्षित संख्या को फाइलेरिया और कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। एनवीबीडी सहायक आशीष कुमार ने बताया कि इस बार दवा खिलाने के लिए जिला भर में 4719 दवा वितरकों को तैनात किया जाएगा। इनकी मॉनिटरिंग के लिए 237 सुपरवाइजरों को लगाया जा रहा है। दवा वितरकों में शामिल सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे आमजनता को शत-प्रतिशत दवा का सेवन करा सकें। दवा वितरकों को प्रशिक्षण सिविल सर्जन कार्यालय में दिया जा रहा है। इसमें चिकित्सा पदाधिकारियों, जिला स्तरीय आरआरटी टीम आदि शामिल हैं।


