प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निकाले विभिन्न पदों की भर्ती प्रक्रिया खामियों के साथ शुक्रवार से शुरू हुई। विभाग द्वारा लिखित परीक्षा शाम 5 बजे होनी थी, लेकिन रात 12.40 बजे ली गई। लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू हुए। परीक्षार्थियों के अनुसार, भर्ती को लेकर जो पैटर्न अपनाया, उससे साफ है कि इसमें गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया रद्द कर फिर से कराने की मांग की है, अन्यथा इसे लेकर कोर्ट जाएंगे। वहीं नोडल अधिकारी डॉ. सुनील सोनी ने कहा, अभ्यर्थियों के आवेदनों की स्क्रूटनी, पात्र-अपात्र सूची जारी करने, दावा-आपत्ति निराकरण आदि में समय लगा।


