भास्कर संवाददाता | बड़वानी माहे रजब में हजरत ख्वाजा गरीब नवाज की छठीं शरीफ के अवसर पर शहर के पाला बाजार स्थित हजरत गैब शाहवली बाबा की मजार पर आयोजित 3 दिनी उर्स संपन्न हुआ। इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि बारगाहें सिर्फ इबादत का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता व देशप्रेम की मिसाल भी हैं। उर्स के दौरान कुरआन ख्वानी, मिलाद शरीफ, लंगर प्रसादी, कव्वाली रंग व अमन-चैन और देश की तरक्की के लिए दुआओं का सिलसिला लगातार चलता रहा। हर वर्ग, हर समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता कर आयोजन को आपसी भाईचारे का प्रतीक बनाया। समापन अवसर पर अलीराजपुर जिले से पहुंचे एआईजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेवानिवृत्त सीएमएचओ डॉ. अब्दुल रशीद पटेल ने कहा वर्षों से यह दरगाह आपसी भाईचारे का केंद्र रही है। पूर्व सीएमओ सादिक शेख व अब्दुल रहीम तिगाले ने बताया कि अजमेर शरीफ में ख्वाजा गरीब नवाज की छठीं का उर्स विश्वभर में अपनी विशेष पहचान रखता है। उसी परंपरा का स्वरूप शहर में देखने को मिला। उर्स में सदर कय्यूम कुरैशी, जिला मुस्लिम सेक्रेट्री आरिफ शेख, माजिद शेख, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन जिला अध्यक्ष सादिक चंदेरी, भाजपा अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष आदिल तिगाले, कमरुज्जमा शेख, पार्षद अविनाश कलोशिया सहित अन्य मौजूद थे।


