हजारीबाग में दो महापुरुषों की प्रतिमाएं खंडित:सिद्धू-कानू और केबी सहाय की मूर्तियां तोड़ी गईं, प्रशासन ने शुरू की जांच

हजारीबाग शहर में बीती रात अराजक तत्वों ने दो महापुरुषों की प्रतिमाओं को खंडित कर दिया। इस घटना से शहर में आक्रोश फैल गया है। पहली घटना शहर के सिद्धू-कानू चौक की है। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सिद्धू और कानू की आदमकद प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया। दूसरी घटना संत कोलंबस कॉलेज के पास स्थित केबी सहाय पार्क में हुई। यहां संयुक्त बिहार-झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग घटनाओं की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की और प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर पर हमला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, ‘यह हमारी विरासत पर हमला है। प्रशासन को दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलानी चाहिए।’ समाजसेवी भैया अभिमन्यु प्रसाद ने कहा कि प्रशासन को ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। इससे भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी: सदर अनुमंडल पदाधिकारी घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ कामति घटनास्थलों पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। जिला प्रशासन दोनों मामलों की जांच कर रही है। जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि खंडित प्रतिमाओं को जल्द ही पुनः स्थापित किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में लोगों में भारी असंतोष है। वे दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *