हजारीबाग जिले के टाटीझरिया के कर्मा जंगल के पास खैरा-बरकट्ठा सड़क पर बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में कई लोग घायल हो गए। दारू थाना क्षेत्र के चोरहेत गांव के रहने वाले कई लोग ऑटो में सवार थे। ये लोग गांव में होने वाले यज्ञ के लिए चंदा जमा कर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति का पैर कटा हादसे में सोनल सिंह नाम के एक व्यक्ति का पैर कट गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। इचाक थाना पुलिस ने सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा। इधर, बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है। वहीं पुलिस फरार बोलेरो सवारों की पहचान कर रही है। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


