हजारीबाग में लापता युवक का कुएं से मिला शव:आरोपी के घर में आक्रोशित भीड़ ने लगाई आग; पिता की जमकर की पिटाई, मौत

हजारीबाग में गुरुवार को एक युवक का शव कुएं से मिलने के बाद लोग इतना आक्रोशित हो गए कि उन्होंने आरोपी के घर में आ लगा दी। आरोपी के 55 वर्षीय पिता की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना बड़कागांव के पिपराडीह कुम्हरडीहा गांव की है। घटना के बाद गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। दरअसल, 28 वर्षीय दिनेश प्रजापति 6 जुलाई से लापता था। 7 जुलाई को दिनेश की पत्नी संगीता देवी ने बड़कागांव थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। सुभाष प्रजापति पर मृतक की पत्नी ने अपहरण का आरोप लगाया था संगीता देवी ने गांव के ही सुभाष प्रजापति पर पति के अपहरण का आरोप लगाया था। इधर, चार दिनों तक दिनेश का कोई पता नहीं चला। वहीं, गुरुवारर को दोपहर में किसानों ने कुम्हरडीहा बदवाही नदी के पास मंगरदहा में एक कुएं में दिनेश का शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी नमेधारी रजक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीण सुभाष प्रजापति के घर पहुंच गए घटना की सूचना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और दिनेश की हत्या की आशंका से आक्रोशित हो गए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण सुभाष प्रजापति के घर पहुंच गए। सुभाष नहीं मिला तो भीड़ ने उसके घर में आग लगा दी। आग में दो मोटरसाइकिल, पलंग और राशन समेत कई सामान जल गए। पुलिस ने आरोपी के पिता को पहुंचाया अस्पताल भीड़ ने सुभाष के 55 वर्षीय पिता महेश प्रजापति की भी पिटाई कर दी। आगजनी और मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और घायलावस्था में महेश प्रजापति को बड़कागांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इधर, गांव में फैले तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस को वहां तैनात कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *