हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगत सिंह चौक पर बीती रात एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक रमेश की मौत हो गई। यह घटना रात करीब एक बजे हुई, जब बंशीलाल चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक कांग्रेस ऑफिस रोड की तरफ से आ रहे एक पिकअप वाहन से टकरा गई। बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे रमेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे का इलाज जारी घायलों में से एक युवक को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का इलाज हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। सदर थाना पुलिस ने मृतक रमेश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों का बुरा हाल है।


