हजारीबाग में 6 बाइक चोर गिरफ्तार, 8 बाइक बरामद:चोरी गिरोह का भंडाफोड़, जिले में फैला था नेटवर्क

हजारीबाग पुलिस ने एक बड़े मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जिले के विभिन्न स्थानों से छह अपराधियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस कार्रवाई की जानकारी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद नेदी। एसपी अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पेलावल ओपी क्षेत्र स्थित छढ़वा डैम के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छढ़वा डैम के पास से मोत्सम अंसारी उर्फ गोलू और अविवकाश मलिक उर्फ अरबाज को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लोहसिंघना थाना क्षेत्र के झील एरिया से गिरोह के तीन अन्य सदस्यों मोहम्मद तौसीफ आलम, मोहम्मद सैफ रजा और इस्लाम अंसारी उर्फ करण को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोचा गया। इसके बाद, पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में संदीप कुमार मेहता और गौतम कुमार मेहता के घर पर छापेमारी की गई, जहां से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। संदीप कुमार मेहता को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में हजारीबाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अब तक कुल 29 मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात सामने आई है। बरामद आठ मोटरसाइकिलों में पेलावल से दो, लोहसिंघना से एक, सदर से दो, कोर्रा से एक, बड़ा बाजार से एक और बरही से एक शामिल है। सभी गिरफ्तार अभियुक्त हजारीबाग जिले के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में लोहसिंघना और पेलावल ओपी में अलग-अलग प्राथमिकी (कांड संख्या) दर्ज की गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *