भास्कर न्यूज | जालंधर 2026 के लिए होने वाली पवित्र हज यात्रा की तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। पंजाब हज कमेटी ने हाजियों की सुविधा के लिए जालंधर में ही फॉर्म भरवाने की पूरी व्यवस्था कर दी है। इस बारे में धार्मिक संस्थान मदरसा बूटा मंडी में आयोजित एक बैठक में हज कमेटी के सदस्य मुफ्ती मोहम्मद आसिफ ने औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि अब हाजियों को दूर-दराज के शहरों में भटकने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें उनके अपने जिले में ही फॉर्म भरवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक मदरसा बूटा मंडी और न्यू कोर्ट के चैंबर नंबर 613 में हज फॉर्म निशुल्क भरे जाएंगे। इस अवसर पर पार्षद पति अयूब खान, एडवोकेट रमजान, एडवोकेट सुल्तान, मुफ्ती यूसुफ और मुफ्ती सैफुल्लाह भी उपस्थित रहे। अयूब खान ने बताया कि यह सेवा एडवोकेट रमजान द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। हज यात्रियों को फार्म भरते समय वेलिड पासपोर्ट, फोटो, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कैंसिल चेक लेकर आना होगा। गौर है कि हज को लेकर हर साल पंजाब भर से करीब 400 यात्री जाते हैं। इसमें मालेरकोटला के बाद लुधियाना और फिर जालंधर से दर्जनों श्रद्धालु हज यात्रा पर जाते हैं। हज यात्रा के बारे में जानकारी देते अयूब खान, एडवोकेट रमजान व अन्य।


