भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर हड़ताल अवधि के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाई को शून्य करते हुए 25 बर्खास्त संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा बहाली का आदेश जारी किया है। मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित कर्मचारियों की जिला स्तर पर सेवा बहाली की जाएगी तथा उनकी कार्य पर उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस आदेश के तहत बालोद जिले के बीपीएम दिनेशचंद्र खर्कवाल भी बहाल किए गए, जिन्होंने आज सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर पुनः कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष खिलेश साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष रितेश साहू, डीपीएम अखिलेश शर्मा, बीपीएम बालोद प्रवीण नायक, रोहित सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


