भास्कर न्यूज | बालोद अनिश्चितकालीन हड़ताल के 16वें दिन 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को एनएचएम के संविदा कर्मचारियों ने अनूठा प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड से लेकर झलमला तक मनोकामना यात्रा निकाली। सभी कर्मचारियों ने पद यात्रा कर मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बस स्टैंड से यात्रा की शुरुआत की गई। जिसके बाद गंगा मैया मंदिर प्रांगण में पहुंचकर माता को चुनरी चढ़ाई। मंदिर प्रांगण में बैठकर भजन व पूजा की। गंगा मैया मंदिर में मनोकामना ज्योति इस नवरात्र पर प्रज्ज्वलित कराने का संघ की ओर से निर्णय लिया गया ताकि मांग जल्द पूरी हो। शासन स्तर से नियमितिकरण का आदेश जल्द जारी कराने मांग की गई। कर्मचारियों का कहना है कि शासन को 160 से अधिक ज्ञापन और निवेदन पत्र दे चुके हैं। बावजूद अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इस वजह से आंदोलन करने मजबूर हो रहे हैं। अनिश्चितकालीन हड़ताल के 15वें दिन सोमवार को भारी बारिश के बावजूद नए बस स्टैंड परिसर में जलभराव के बीच कर्मचारी डटे रहे। छोटे बच्चों के साथ महिला कर्मचारी भी रोजाना पहुंच रहे हैं। शासन स्तर से मांगों को लेकर विचार किया जा रहा है। संघ के जिला अध्यक्ष खिलेश साहू, उपाध्यक्ष प्रेम, संरक्षक दिनेश खर्कवाल, मीडिया प्रभारी चंदन गिरी, सदस्य विकास कुमार ने बताया कि मांगों को लेकर पहल नहीं की गई। जिससे मजबूर होकर एनएचएम कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल करना पड़ रहा है। अभी भी शासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। कर्मचारियों की आवाज को दबाने के लिए 24 घंटे में ज्वाइन करने का नोटिस दिया जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर सेवा समाप्ति की जाएगी करके धमकाया जा रहा है।


