डीग जिले के कैथवाड़ा थाना क्षेत्र के नीमला गांव में बुधवार देर रात एक घर में घुसकर दो महिलाओं के साथ मारपीट की गई। इस हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। सूचना मिलने पर कैथवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि हमलावर वही लोग हैं जिन्होंने पहले उनके परिवार के एक सदस्य की हत्या की थी। पीड़ित तालीम ने बताया कि रहीश नामक युवक ने बकरी चराने के विवाद में उनके पति शहजाद की हत्या कर दी थी। रहीश उस हत्या के मामले में जेल गया था और लगभग 10 दिन पहले ही रिहा हुआ था। तालीम के अनुसार, बुधवार देर रात रहीश ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से महिलाओं के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि हमलावरों के डर से कोई भी ग्रामीण उन्हें बचाने नहीं आया। हमलावर महिलाओं को अधमरा छोड़कर भाग गए थे। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य अहमद ने कैथवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। थाना अधिकारी अमरसिंह ने बताया कि पुलिस टीम नीमला गांव पहुंच चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


