धौलपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशाराम और प्रवीण उर्फ मोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी आशाराम के कब्जे से एक सिंगल शॉट गन और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर थानाधिकारी बालकृष्ण के नेतृत्व में की गई। यह मामला 7 दिसंबर 2025 का है, जब हरजूपुरा गांव में खेत जोतने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस विवाद के दौरान हरेंद्र पक्ष के विपिन उर्फ विप्पो (30) पुत्र अतर सिंह, निवासी हरजूपुरा, थाना बसेड़ी, जिला धौलपुर के पैर में गोली लग गई थी। घटना के संबंध में भूरी सिंह पुत्र जंगी ने थाना बसेड़ी में तहरीर दी थी। इस पर आशाराम, सोनू, पवन, मीनू, विनोद, भोटू, नीतेश, देवा, मोनू, सोनू और तेजपाल सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा नंबर 422/25 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 189(2), 109(2), 329(3), 351(2), 352 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस टीमों का गठन कर वांछित आरोपियों की तलाश शुरू की गई। 23 दिसंबर 2025 को पुलिस ने वांछित आरोपी आशाराम (38) पुत्र हरविलास और प्रवीण उर्फ मोनू (30) पुत्र ध्रुव सिंह, दोनों निवासी हरजूपुरा, थाना बसेड़ी, जिला धौलपुर को आगरा से हिरासत में लिया। धरपकड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में चोट लग गई। गहन अनुसंधान के बाद दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का जुर्म प्रमाणित पाया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी आशाराम की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सिंगल शॉट गन और चार जिंदा कारतूस उसके निवास स्थान कस्बा बाड़ी से बरामद किए गए।


