गोइलकेरा| गोइलकेरा के महादेवशाल में रेलकर्मियों की लापरवाही से ट्रेन संख्या 12222 हावड़ा–पुणे दुरंतो एक्सप्रेस के रेल पटरी के टुकड़े से टकराने की घटना की जांच तेज हो गई है। चक्रधरपुर रेल मंडल के वरीय अधिकारियों ने घटना के बाद महादेवशाल का दौरा किया। वहीं प्रथमदृष्टया कार्य में लापरवाही बरतने और रेल मैनुअल के सेफ्टी डायरेक्शन को फॉलो नहीं करने पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर मुकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। महादेवशाल में स्विच एक्सपेंशन ज्वाइंट का कार्य मुकेश कुमार की निगरानी में ही हो रहा था। जहां छह मीटर लंबी रेल पटरी की शिफ्टिंग के दौरान अप लाइन से गुजर रही दुरंतो एक्सप्रेस रेल पटरी के टुकड़े से टकरा गई थी और भयंकर हादसे का शिकार होने से बच गई थी। इस घटना में रेलकर्मियों के अलावा दर्जनों कॉन्ट्रैक्ट लेबर भी बाल बाल बच गए थे। सरायकेला| चार माह से 21 वर्ष पुराने हत्या के एक मामले पर जेल में बंद झामुमो के गम्हरिया प्रखंड प्रभारी विजय महतो को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। आने वाले मंगलवार को जेल से बाहर आएंगे। मामला वर्ष 2004 का था। उक्त मामले पर झामुमो नेता विजय महतो पर न्यायालय द्वारा वारंट निर्गत किया गया था, न्यायालय के वारंट के आधार पर चार अप्रैल को सरायकेला थाना की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


