हत्या से पहले लड़की से छेड़खानी की:अब बहन को मारने की धमकी दे रहे, गोरखपुर में परिजन बोले- जान के बदले जान चाहिए

मेरी बेटी को एक हफ्ते से परेशान कर रहे थे। बीच चौराहे पर उसका हाथ भी पकड़ा था। अब हमें धमकी दे रहे कि अभी दूसरी लड़की बची है, उसको भी मार डालेंगे। हमें जान के बदले जान चाहिए। जैसे मेरी बच्ची मरी है, वैसे ही उनकी भी मौत होनी चाहिए। पुलिस आरोपियों का एनकाउंटर करे। ये दर्द है गोरखपुर की उस मां का, जिसकी बेटी को टाटा मैजिक से कुचल कर मार दिया गया। घटना में लड़की की चचेरी बहन गंभीर घायल है। चचेरी बहन ने बताया- घटना से ठीक पहले आरोपियों ने चौराहे पर भी फब्तियां कसी थीं। हाथ पकड़ने की कोशिश की थी। जब बहन ने विरोध किया तो युवक धमकी देते हुए चले गए। इसके कुछ देर बाद ही कुचल दिया। सोमवार को पीड़िता के परिजनों ने गांव के लोगों के साथ गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे जाम कर दिया। दो घंटे हाईवे जाम रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम 5 बजे परिजन शव के अंतिम संस्कार को तैयार हुए और जाम खुला। सड़क जाम की सूचना पाकर एसडीएम चौरी चौरा प्रशांत वर्मा एवं सीओ अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। अफसर ग्रामीणों को समझने में लगे हैं। घटना को लेकर दैनिक भास्कर की टीम पीड़िता के घर पहुंचे। परिजनों से बातचीत की। पढ़िए उन्होंने क्या कुछ बताया… पहले पढ़िए एक नजर में घटना… चौरी चौरा थानाक्षेत्र के बेलवा बाबू की रहने वाली चचेरी बहनें संजना पुत्री हरिचरण चौधरी और रिंकी पुत्री शिवचरण चौधरी जगदीशपुर के एनसी डिग्री कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की छात्रा थीं। रविवार को उनका प्रैक्टिकल था। दोनों अपने घर से पैदल ही कॉलेज जा रही थीं। चौरी चौरा थाना क्षेत्र के भटगांवा गांव के पास पीछे से मैजिक ने उन्हें कुचल दिया। घटना में एक छात्रा की मौत हो गई थी। जबकि उसकी चचेरी बहन घायल हो गई। पुलिस गाड़ी नंबर से आरोपियों तक पहुंची
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में एक मैजिक खड़ा दिखा। कुछ देर बाद दो लड़कियां वहां से गुजरती हैं। जैसे ही दोनों मैजिक को क्रास करती हैं, वैसे ही ड्राइवर गाड़ी आगे बढ़ा देता है। उन्हें कुचलता हुआ भाग जाता है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर मैजिक के मालिक तक पहुंची। पता चला कि मैजिक कैथवलिया के रहने वाले अब्दुल हाइक के नाम है। वाहन मालिक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि गाड़ी मुर्गी दाना लेने के लिए भेजी थी। गाड़ी को गुलजार लेकर गया था। उसे नहीं पता, क्या घटना हुई है। अब पढ़िए परिजनों की बातचीत… बहन संजना ने बताया- गाड़ी चढ़ाने वाले दोनों युवक उन्हें पहले से परेशान करते थे। राह चलते बहन का हाथ पकड़ लेते थे। जब वो विरोध करती तो धमकी देते थे। उस दिन घटना से कुछ देर पहले उन्होंने छेड़खानी की थी। इसके कुछ देर बाद जब वह दोनों गाड़ी के पास से गुजरी तो गाड़ी बंद थी। जैसे ही दोनों आगे निकली अचानक से गाड़ी स्टार्ट की और कुचल दिया। टक्कर लगते ही संजना थोड़ी देर जाकर गिरी। जबकि रिंकी के ऊपर ड्राइवर ने पूरी गाड़ी चढ़ा दी और वहां से भाग गया। पहले से ही परेशान कर रहे थे युवक
रिंकी की मां ने कहा- आरोपी कई दिनों से दोनों बहनों के साथ छेड़खानी कर रहे थे। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देते थे। हमें क्या पता था कि वह इस कदर खुन्नस खाए हैं। उन्होंने हमारी बेटी की जान ले ली। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद गाड़ी मालिक स्विफ्ट डिजायर कार से सीसीटीवी फुटेज डिलीट कराने आया था। उसके बाद लोगों ने उसे दौड़ा लिया। उसकी गाड़ी भी तोड़ दी। एक आरोपी जेल भेजा गया, दूसरा भी गिरफ्तार
सोमवार शाम छात्रा के शव का माड़ापार घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर चौरी चौरा के विधायक सरवन निषाद भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मैजिक से टक्कर मारने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसका नाम गुलजार अली उर्फ रहमान उर्फ अरमान अली पुत्र सफी अहमद है। वह एम्स थाना क्षेत्र के कैथवलिया का रहने वाला है। एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया, मामले में पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। एक आरोपी को जेल भेजा गया है। दूसरे को भी हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर के जरिए सभी पहलुओं की जांच होगी।
…………………….. ये खबर भी पढ़े… महाकुंभ से पहले प्रयागराज में सड़क धंसी, VIDEO:सीवर लाइन फटने से 15 फीट गहरा गड्‌ढा हुआ, बैरिकेडिंग लगाईं, 1 Km लंबा जाम लगा महाकुंभ मेला से पहले लखनऊ-प्रयागराज स्टेट हाईवे धंस गया। अचानक सड़क धंसने के बाद हादसे की स्थिति बन गई है। अभी बैरिकेडिंग करवा दी गई है। सोमवार सुबह अचानक यह हादसा तेज बहादुर सप्रू हॉस्पिटल के गेट नंबर 3 के सामने हुआ। सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा। इससे 15 फीट गहरा गड्‌ढा हो गया। उस दौरान लोग आ-जा रहे थे। मगर बड़ा हादसा टल गया। पढ़िए पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *