भास्कर न्यूज | जालंधर शहर में अपराध और अवैध हथियारों की सप्लाई पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष ऑपरेशन में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सीआईए-स्टाफ की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्टल (32 बोर) और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। सीपी धनप्रीत कौर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी जयंत पुरी और एसीपी अमरबीर सिंह की देखरेख में चलाया गया। सीआईए-स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार की टीम ने नाखां वाले बाग के पास ट्रैप लगाकर 2 संदिग्धों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहन कल्याण (निवासी बूटा गांव) और रोशन सराकी उर्फ नेपाली (निवासी बूटा मंडी) के रूप में हुई है। तलाशी में रोशन के पास से 2 पिस्टल व 4 कारतूस और रोहन के पास से 1 पिस्टल व 2 कारतूस बरामद हुए। रोहन कल्याण पहले से मामलों में नामजद और लंबे समय से भगोड़ा था। थाना भार्गव कैंप में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस हथियारों के स्रोत और संभावित वारदात की जांच कर रही है।


