हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी कस्बे में एथेनॉल फैक्ट्री विवाद को लेकर किसानों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद बंद की गई इंटरनेट सेवाएं फिर से शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं। इससे पहले, कस्बे में लगातार चौथे दिन भी इंटरनेट बंद रहा, जिससे सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ। इस बीच, किसान संगठनों द्वारा 17 दिसंबर को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रस्तावित महापंचायत के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। किसान सभा के जिला महासचिव मंगेज चौधरी ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर किसानों से 17 दिसंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचने का आह्वान किया। टिब्बी स्थित गुरुद्वारे में किसान अभी भी डटे हुए हैं और बैठकों का दौर जारी है। शुक्रवार शाम को प्रशासन के साथ हुई वार्ता में मौजूद माकपा नेता जगजीत सिंह जग्गी ने भी 17 दिसंबर की महापंचायत में किसानों सहित बड़ी संख्या में पहुंचने की बात कही है।


