हनुमानगढ़ के डॉ. राम सिहाग को राष्ट्रीय सम्मान:जयपुर में अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी सम्मेलन में ‘चिकित्सा प्रकोष्ठ सम्मान’ मिला

हनुमानगढ़ जिले के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राम सिहाग को जयपुर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी सम्मेलन INCAHP-2026 में “चिकित्सा प्रकोष्ठ सम्मान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें निम्स विश्वविद्यालय में प्रदान किया गया। डॉ. सिहाग को यह सम्मान फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, मरीजों की सेवा और शोध गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। निम्स यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से 1500 से अधिक फिजियोथेरेपिस्ट, चिकित्सा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और शिक्षाविद शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य फिजियोथेरेपी से जुड़ी नवीन तकनीकों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और शोध परिणामों पर चर्चा करना था। दो दिन चले इस कार्यक्रम में तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं और शोध प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इनमें फिजियोथेरेपी के बदलते स्वरूप और इसकी बढ़ती भूमिका पर गहन विचार-विमर्श हुआ। सम्मान समारोह के दौरान निम्स विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. बी.एल. तोमर और निम्स कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के प्रिंसिपल डॉ. अजीत सहारण सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मंच पर उपस्थित थे। वक्ताओं ने डॉ. राम सिहाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने फिजियोथेरेपी को केवल इलाज तक सीमित न रखकर इसे समाज सेवा और जनस्वास्थ्य से भी जोड़ा है। सम्मान मिलने पर डॉ. राम सिहाग ने इसे अपने लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चिकित्सा सेवा में कार्य करते रहेंगे और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *