हनुमानगढ़ में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर टाउन फाटक स्थित गोशाला परिसर में श्रद्धा और सेवा भाव से ओतप्रोत विशेष आयोजन किए गए। इस दौरान गोदान, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पर्व के उपलक्ष्य में गोशाला में विधिवत हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां अर्पित कर गोमाता के कल्याण और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। वैदिक विधि-विधान के साथ गौदान भी संपन्न कराया गया। फाटक गोशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गोशाला में दुर्घटनाग्रस्त, बीमार और असहाय गोवंश की निस्वार्थ सेवा की जाती है। समाज के सहयोग से गोवंश के उपचार, देखभाल और संरक्षण का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हनुमानगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर की परिधि में कहीं भी गोवंश दुर्घटनाग्रस्त या गंभीर रूप से बीमार मिलने पर उसे तुरंत फाटक गोशाला लाकर इलाज उपलब्ध कराया जाता है। अग्रवाल ने बताया कि माघ मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः हवन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी गौभक्त सहभागिता कर सकते हैं। इन आयोजनों ने मकर संक्रांति पर्व को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करते हुए समाज में गोसेवा का संदेश दिया।


