हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित वार्ड 50 के माल गोदाम हनुमान मंदिर में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, बीजेपी नेता सोनू शेखावत, सिटी यूनियन के प्रधान शिवकुमार, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, प्रो. सुमन चावला, लोक अभियोजक प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर की। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर नाचते-गाते चल रहे थे। वहीं महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। इस दौरान वातावरण ‘हरे राम, हरे कृष्णा’ के उद्घोष से भक्तिमय हो गया। यज्ञ समिति के सदस्य शिवकुमार ने बताया कि अष्टयाम महायज्ञ का विशेष महत्व है। अष्टयाम का अर्थ आठ पहर होता है, जो दिन-रात के आठ यामों में विभाजित होता है। इसी कारण इस अनुष्ठान को अष्टयाम महायज्ञ कहा जाता है। महायज्ञ समष्टि प्रधान होता है, जिसका उद्देश्य न केवल व्यक्तिगत कल्याण बल्कि समाज और संपूर्ण विश्व के कल्याण से जुड़ा होता है। उन्होंने बताया कि यज्ञ के दौरान निरंतर हवन-पूजन किए जा रहे हैं, जिसमें श्रद्धालु मंत्रोच्चारण के बीच आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जा रहा है। जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक हो गया है। इस धार्मिक आयोजन में समिति अध्यक्ष मनोज कुमार, राम धुन, चन्दन कुमार, सुनील मंडल, चक्रधर कुमार, अमित कुमार, विनय कुमार, दिलीप शेखावत, हकीम और मुकेश गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धर्म, शांति और समाज कल्याण की भावना को बढ़ावा देना है। महायज्ञ के समापन पर भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।


