हनुमानगढ़ में किसान सड़क मार्ग बदलने की मांग पर अड़े:उपजाऊ भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति, वैकल्पिक मार्ग से लागत व नुकसान कम होगा

हनुमानगढ़ में साधुवाला से बनवाला और बनवाला से हनुमानगढ़ तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर किसानों में रोष है। शुक्रवार को प्रभावित किसानों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क के प्रस्तावित मार्ग में बदलाव की मांग की। उन्होंने जनहित में निर्णय लेने का आग्रह किया। किसानों ने बताया कि वर्तमान डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) के अनुसार साधुवाला-बनवाला सड़क का निर्माण चक नंबर 26 एलएलडब्ल्यू क्षेत्र से प्रस्तावित है। इस मार्ग पर सड़क बनने से लगभग 6.2376 हेक्टेयर उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। किसानों का कहना है कि इससे कई काश्तकारों की पूरी जमीन चली जाएगी, जिससे वे भूमिहीन हो जाएंगे और उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन के समक्ष एक वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा है। उनका दावा है कि इस वैकल्पिक मार्ग से सड़क की लंबाई करीब 1.5 किलोमीटर कम हो जाएगी। साथ ही, निर्माण लागत में भी कमी आएगी और भूमि अधिग्रहण घटकर लगभग 2 हेक्टेयर तक सीमित रह जाएगा। किसानों ने यह भी बताया कि यदि प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-54 से जोड़ा जाता है, तो साधुवाला, बनवाला सहित आसपास के गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को कम दूरी में सुरक्षित और सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध हो सकेगा। ज्ञापन सौंपते समय जसपाल सिंह, गुरराज सिंह, दर्शन सिंह, बलराज सिंह, सुखराज सिंह, यादविन्द्र सिंह और सुखपाल सिंह सहित कई किसान मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *