हनुमानगढ़ में चढ़ा होली का रंग:39 साल पुरानी भटनेर चंग पार्टी ने शुरू किया फाग महोत्सव, शाम होते ही सुनाई देती है धमाल

होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही असर देखने लगा है। जंक्शन और टाउन कस्बे में चंग की थाप पर थिरकते लोग साफ देखे जा सकते हैं। टाउन में सबसे प्राचीन भटनेर चंग पार्टी भी अब हर साल की तरह सक्रिय हो चुकी है। भटनेर चंग पार्टी पिछले 39 सालों से फाग महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इस बार भी इस भटनेर चंग पार्टी ने अपना रंग बिखेरना शुरू कर दिया है। भटनेर चंग पार्टी की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी फाग महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है। सांझ ढलते ही फागुन रसिया होली की विशेष पोशाक में आयोजन स्थल नई धानमंडी में एकत्रित होने लगते हैं और सिर पर राजस्थानी पगड़ी पहन कर चंग मंजीरा के साथ सुरीली धमाल गाकर शहर वासियों को हर्षोल्लास से भर देते हैं। भटनेर चंग पार्टी के सदस्य जयचन्द लाहोटी ने बताया कि 1986 से राजस्थान की लोक संस्कृति चंग धमाल कार्यक्रम नई धानमंडी से प्रारंभ किया गया था। इस साल भी चंग धमाल कार्यक्रम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की यह संस्कृति धीरे-धीरे लुप्त होने की कगार पर है। विशेषकर युवा पीढ़ी इस संस्कृति से कोसों दूर है और नशे में धंसती जा रही है। उसे इस संस्कृति से जोड़ने व लगाव पैदा करने, शहर के अमन-चैन और शांति के मकसद से चंग धमाल कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि चंग धमाल कार्यक्रम महाशिवरात्रि से जारी है जो धुलंडी तक चलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *