हनुमानगढ़ के जंक्शन क्षेत्र स्थित वार्ड 18 की दुर्गा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बदहाल है। गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति, टूटी सड़कें, जर्जर नालियां और अव्यवस्थित बिजली ढांचा कॉलोनीवासियों के लिए लंबे समय से परेशानी का सबब बने हुए हैं। मंगलवार को वार्डवासियों ने अपनी इन समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने बताया कि पिछले लगभग 6 महीने से कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। पीने के पानी से दुर्गंध आने के कारण लोगों को मजबूरन वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। 2 साल पहले तोड़ी थी सड़कें
तंवर ने यह भी बताया कि करीब 2 साल पहले सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान कॉलोनी की सड़कें और पानी की पाइपलाइनें तोड़ दी गई थीं। इनकी मरम्मत आज तक नहीं करवाई गई है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। कॉलोनी की नालियां भी काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी घरों की नींव में रिस रहा है। इससे क्षेत्र में सेम की स्थिति बन रही है और मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। बिजली के खंभे टूटने के कगार पर
इसके अलावा वार्ड में कई बिजली के खंभे झुके हुए हैं और कुछ टूटने की कगार पर हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। नियमित सफाई न होने के कारण गंदगी फैल रही है और मच्छरों व बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पेयजल, सीवरेज, सड़क, बिजली और सफाई से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को राहत मिल सके।


