मकर संक्रांति के दिन मंगलवार को हनुमानगढ़ में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह के समय विजिबिलिटी 20 मीटर तक सीमित रहने से वाहन ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए चलना पड़ा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से हुई बारिश के बाद सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। कोहरे और ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई। सुबह लोग देर से घरों से निकले और जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे। दूध विक्रेताओं और अखबार वितरकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार में लोग ऊनी वस्त्रों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग ने 15 जनवरी को राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के 18 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को दोपहर में खिली धूप ने लोगों को कुछ राहत दी, लेकिन मौसम की स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।


