हनुमानगढ़ में 41,200 नशीली गोलियां बरामद:रैश ड्राइविंग कर रहे दो युवक गिरफ्तार, कार सीज

हनुमानगढ़ में यातायात नियमों का उल्लंघन कर तेज रफ्तार से गाड़ी चला (रैश ड्राइविंग) रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से उनकी कार से कुल 41,200 नशीली दवाइयां बरामद की गईं। इनमें प्रेगाबालिन और टेपेंटाडोल कैप्सूल/टैबलेट शामिल हैं। आरोपियों की पहचान फरीदकोट (पंजाब) निवासी जसकरण सिंह (22) और हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 2 निवासी कुलदीप सिंह उर्फ कैरी संधू (34) के रूप में हुई है। दोनों युवकों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी को सौंप दिया गया है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि ट्रैफिक प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में एएसआई रामपाल, कॉन्स्टेबल विजय और रणजीत की टीम हनुमानगढ़ टाउन से जंक्शन रोड स्थित घग्घर पुल के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक कार गलत दिशा से तेज गति में आती दिखी। ट्रैफिक पुलिस ने मशक्कत के बाद कार को रुकवाया। जांच के दौरान चालक और उसके साथी के पास वाहन के वैध कागजात नहीं मिले। इस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार को सीज कर तलाशी ली गई। तलाशी में कार में रखे कार्टूनों से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं। इसके बाद जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी चंद्रकांत शर्मा को मौके पर बुलाया गया। जांच में 17,200 प्रेगाबालिन 300 एमजी और 24,000 टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल/टैबलेट बिना किसी वैध परमिट के पाए गए। सभी दवाइयों को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाइयों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *