हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 40 लाख रुपए मूल्य की हेरोइन बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के तार विशाल पचार उर्फ बॉक्सर गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबोहर, जिला फाजिल्का निवासी बॉबी और अजय, तथा श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) निवासी राहुल उर्फ साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर PB 15 Y 2261) में सवार थे। एसआई गुरदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदेह होने पर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें हेरोइन मिली। एसपी हरी शंकर ने बताया कि आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि हेरोइन की सप्लाई चेन का पता चल सके। मामले की जांच संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह कर रहे हैं। दूसरी ओर, नोहर थाना पुलिस ने भी 8.50 ग्राम हेरोइन के साथ बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। नोहर थाना के एसआई नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही टीम ने दुर्गा कॉलोनी अंडरब्रिज के पास इन्हें पकड़ा। गिरफ्तार युवकों की पहचान नोहर तहसील के दोलेवाला बास निवासी रविंद्र कुमार (23) और सूरपुरा निवासी मनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले का अनुसंधान नोहर थाना प्रभारी अजय गिरधर कर रहे हैं।


