हनुमानगढ़ सेंट्रल पार्क में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा की मांग:14 अप्रैल जयंती से पहले स्थापना के लिए नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा

हनुमानगढ़ के टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में भारत रत्न एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नगर परिषद प्रशासन से मुलाकात की और प्रशासक एवं एडीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संघ अध्यक्ष इंद्र कुमार निनानिया और व्यवस्थापक पवन मौर्य ने बताया कि आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती है। इस अवसर पर संघ की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। संघ की मांग है कि जयंती कार्यक्रम से पहले सेंट्रल पार्क में बाबा साहेब की भव्य और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि कार्यक्रम को गरिमामय रूप दिया जा सके। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा सेंट्रल पार्क जैसे सार्वजनिक स्थान पर स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्ष से प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह प्रतिमा सामाजिक समरसता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश भी देगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सेंट्रल पार्क शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में यहां बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित होने से आमजन में उनके योगदान को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और यह स्थान एक वैचारिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा। संघ ने नगर परिषद प्रशासन से मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है, ताकि 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाया जा सके। इस दौरान संतराम रेगर, राकेश मौर्य, कृष्ण लुगरिया, विकास झोरड़, राजेंद्र रेगर, पंकज वाल्मीकि, रेणुप्रकाश जाटोलिया, अजय और राजेश गौड़ सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *