धौलपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर शनिवार की शाम एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा सती वाले हनुमान मंदिर से शुरू हुई। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर सुबह तक चली। शोभायात्रा फद्दी का चौराहा, हरदेव नगर, जगन चौराहा, सराय गजरा और लाल बाजार से होकर गुजरी। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। मार्ग को तोरण द्वारों और भगवा ध्वजों से सजाया गया था। यात्रा में रामायण की झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बच्चों और युवाओं ने धार्मिक नृत्य और रासलीला प्रस्तुत की। पूरे मार्ग पर जय श्री राम और सियाराम के जयकारे गूंजते रहे। कई स्थानों पर भंडारे और जलसेवा के स्टॉल लगाए गए। श्रद्धालुओं को प्रसाद और शीतल पेय वितरित किए गए। पुलिस प्रशासन ने यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। जगह-जगह पुलिस बल तैनात था। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। नगर निगम ने सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की। इस शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया।


