करौली कोतवाली पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने टीबी अस्पताल के पीछे से दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 9.31 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कोतवाली थाना अधिकारी आध्यात्म गौतम और डीएसटी प्रभारी देवेश जाटव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में गजबी प्रजापत और रवि उर्फ सत्यनारायण शामिल हैं। गजबी प्रजापत (37) आलमपुर थाना मामचारी का रहने वाला है। रवि उर्फ सत्यनारायण (30) साईनाथ खिड़कियां बाहर करौली का निवासी है। थानाधिकारी के अनुसार गश्त के दौरान दोनों आरोपी टीबी अस्पताल के पीछे बैठे हुए थे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से स्मैक बरामद हुई। पुलिस अब आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।


