प्रतापगढ़ में हनुमान जयंती को लेकर भक्ति और उल्लास का माहौल है। 12 अप्रैल को यह पावन पर्व मनाया जाएगा। जिले के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में सजावट की जा रही है। श्रद्धालु और मंदिर समितियां मंदिरों को आकर्षक बनाने में जुटी हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रोकड़िया हनुमान जी, होरी हनुमान जी और खेड़ापति हनुमान जी सहित अन्य मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महाआरती, हवन, भजन संध्या और भंडारे की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ग्राम झांसड़ी में श्री रोकड़िया हनुमानजी मंदिर परिसर में 42वां विशाल मेला प्रारंभ हो गया है। समाजसेवी किशोर छाबड़ा ने बताया कि पांच दिवसीय इस मेले में धार्मिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम होंगे। मेले की शुरुआत 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ से हुई। शनिवार को दोपहर 12:30 बजे हवन-यज्ञ, शाम 4 बजे महाआरती और शाम 5 बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा। रविवार रात 8 बजे विराट भजन संध्या और झांकियां होंगी। सोमवार रात 8 बजे स्टार नाइट में रिया-पायल की जोड़ी प्रस्तुति देगी। मंगलवार को देशभर के चर्चित कवियों का कवि सम्मेलन होगा।


