हबीबगंज के लाला लाजपत राय सोसायटी में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूट और अपहरण का का मामला सामने आया है। अज्ञात 5-6 बदमाशों ने फ्लैट में घुसकर चार युवकों के साथ मारपीट की, एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी दी और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद, घड़ियां और मोबाइल लेकर फरार हो गए। खुद को पुलिस साबित करने के लिए आरोपियों ने चारों को अपनी-अपनी गाड़ियों में भी बैठा लिया। पीड़ित की शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हबीबगंज पुलिस के मुताबिक मेघना अपार्टमेंट-2, लाला लाजपत राय सोसायटी निवासी राहुल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 11 जनवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने फ्लैट पर अपने दोस्तों अनिमेष वर्मा, अनुराग और नरेंद्र परमार के साथ मौजूद था। इसी दौरान 5-6 अज्ञात युवक फ्लैट में आए और खुद को पुलिस स्टाफ बताते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने चारों को धमकाया कि उन्हें एनडीपीएस के केस में जेल भेज देंगे। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की कोशिश बदमाशों ने राहुल के पास रखे 55 हजार रुपए, अनिमेष के 24 हजार 800 रुपए और तीन घड़ियां छीन लीं। इसके बाद चारों युवकों को जबरन फ्लैट से बाहर लाकर एक सफेद सियाज कार और राहुल की स्विफ्ट डिजायर में बैठाया गया। बदमाश उन्हें मिसरोद थाने से आगे बायपास टोल रोड तक ले गए, जहां और पैसों की मांग की गई। राहुल ने घबराकर अपने परिचित आनंद रघुवंशी को फोन कर पूरी घटना बताई। आनंद रघुवंशी टीटी नगर स्थित गैमन इंडिया मॉल पर एक लाख रुपए लेकर होशंगाबाद से भोपाल आए। जब दोबारा उनसे बात हुई तो उन लोगों ने कहा 5 नंबर पेट्रोल पंप पर आकर पैसे दे दो, इन लोगों को वहीं छोड़ देंगे। हम लोग जब 5 नंबर दुर्गा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो आनंद उनसे बात करने लगे। आनंद के साथी ने बताया कि हम भी पुलिस लेकर आए हैं। आनंद ने अपने साथ आए अपने दोस्त को आवाज लगाई तभी वह लोग वहां से भाग गए। पीड़ितों के मोबाइल भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ितों ने 112 पर कॉल किया और फिर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


