हमले में जख्मी छात्र की स्थिति हुई नाजुक, बदमाश की गर्दन में फंसी गोली निकाली गई

कचहरी चौक के पास नौ फरवरी की देर रात को दो बदमाशों की पिटाई में जख्मी नामकुम निवासी छात्र बंटी कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल में भर्ती बंटी की तबीयत बुधवार को अचानक काफी ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उसके परिजन उन्हें बूटी मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। बंटी के सिर में गंभीर चोट लगी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, उसे लाइफ स्पोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। इधर, पुलिस की गोली से घायल बदमाश इश्तियाक का ऑपरेशन कर गर्दन के पास रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली को निकाल लिया गया है। उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मालूम हो कि नौ फरवरी की देर रात बीसीए का छात्र बंटी अपने पांच दोस्तों के साथ कचहरी पहुंचा था, जहां सेक्स वर्करों का जमावड़ा लगता है। वहां कार से पहुंचे इश्तियाक अंसारी व गुरफान नामक दो युवकों ने विवाद के बाद बंटी को अगवा कर व पिटाई कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। वहीं, पुलिस की गोली से एक बदमाश जख्मी अपने साथी के साथ पकड़ा गया था। इधर, कोतवाली थानेदार रवि सिंह ने कहा कि पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

देह व्यापार करनेवाले किन्नर नहीं, पुलिस कार्रवाई करे कचहरी चौक के पास देर रात सुनसान सड़क पर देह व्यापार के लिए जमावड़ा लगानेवाले सेक्स वर्करों के खिलाफ अब रांची के किन्नर समाज ने भी आवाज उठाई है। इन सेक्स वर्करों के लिए किन्नर शब्द का इस्तेमाल करने पर किन्नर समाज की मुखिया अनवर हाजी ने बुधवार को आपत्ति जताई। दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए अनवर हाजी ने कहा कि किन्नर समाज का काम दिन में शहर के मोहल्लों में जाकर शुभ कार्य होने के बाद नेग मांगना है। जो कुछ राजी-खुशी से यजमान से मिलता है, उससे वे काफी खुश हैं और उनके लिए दुआ-सलाम करते हैं। साथ ही शाम ढलते हम किन्नर समाज के लोग अपने-अपने घरों में चली जाती हैं। किन्नरों का काम देर रात सुनसान सड़क पर खड़ा होकर वहां से आने-जाने वाले लोगों को परेशान करना नहीं है। देर रात जो अंधेरी सड़कों पर खड़ी हैं, वह किन्नर नहीं है। ऐसे लोग पूरे किन्नर समाज को बदनाम कर रहे हैं। वहीं, नरगिस किन्नर ने कहा कि किन्नर के गेटअप में कुछ लोग अनैतिक काम में िलप्त हैं। किन्नर समाज ने पिछले कुछ महीने में कोतवाली थाना के अलावा अन्य जगहों पर 10 बार से ज्यादा शिकायत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जांच में खुलासा : बाहर से आकर यहां कर रही अनैतिक काम
कचहरी चौक जहां रोज रात आधी रात को देह व्यापार के लिए सेक्स वर्कर्स जुटती थीं, बुधवार को पुलिस की तैनाती के बाद वे गायब नजर आईं। सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। कुछ राहगीर आराम से आते-जाते दिखे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि किन्नर के वेश में कचहरी चौक समेत अन्य स्थानों पर पहुंचकर जमावड़ा लगाने वाले सेक्स वर्कर्स शहर में किराए के मकानों में रहती हैं। ये लोग दिन में घरों में रहते हैं और देर रात सड़कों पर निकलती हैं। पुलिस को आशंका है कि इनकी गतिविधियां भी संदिग्ध हैं। फिलहाल ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। पेट्रोलिंग टीम और पीसीआर को निर्देश दिए गए हैं कि कचहरी चौक के आसपास देर रात अंधेरे में किसी को खड़े नहीं रहने दिया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *