मई में जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है उतनी ही तेजी से बिजली कंपनी वाले बिजली भी बंद कर रहे हैं। मेंटनेंस के नाम पर रोजाना शहर के 46 जगहों पर औसतन चार घंटे तक बिजली बंद की गई है। इसके अलावा बिना सूचना के शहरभर में रोज एक से दो घंटे तक बिजली बंद रखी जा रही है। छत्तीसगढ़ सरप्लस राज्य होने के बावजूद रोज बिजली कट की जा रही है। इसे लेकर लोग खासे नाराज हैं। भारी गर्मी में लोगों को सुबह, दिन हो या रात कभी भी बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। मई के पिछले 20 दिनों में बिजली कंपनी ने 916 आउटेज लिए। पानी चोरी रोकने के लिए सुबह 6.15 से 6.45 बजे तक 50 से ज्यादा इलाकों में आधे घंटे के लिए रोज बिजली बंद की जा रही है। इसके अलावा बारिश पूर्व मेंटनेंस तथा अन्य वजहों से अलग-अलग इलाकों में आधे से चार घंटे के लिए बिजली बंद की गई। ये शेड्यूल आउटेज है, यानी बिजली बंद करने से पहले कंपनी ने इसकी सूचना लोगों को दी है। बिना सूचना दिए शहरभर में रोजाना औसतन एक से दो घंटे के लिए कहीं ना कहीं बिजली बंद की जा रही है। गर्मी में इस तरह बिजली बंद होने से लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। मई में गर्मी काफी तेज रहती है। दस से पंद्रह मिनट के लिए भी बिजली बंद होने पर बेचैनी बढ़ जाती है। अभी कई घंटों तक बिजली बंद होने से लोग हलाकान हो गए हैं। खासतौर पर गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। सुबह 8 से रात 8 बजे तक कभी भी बिजली बंद
करीब 22 लाख आबादी वाले राजधानी में साढ़े तीन लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। 200 से ज्यादा 11केवी फीडरों से पूरे शहर को बिजली सप्लाई की जा रही है। बिजली कंपनी हर दिन अलग-अलग फीडरों में मेंटनेंस के नाम पर शेड्यूल आउटेज (पहले से बंद तय) ले रही है। यह आमतौर पर सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच किसी भी समय पर ली जा रही है। मेंटनेंस के नाम पर बिजली कंपनी चार से पांच घंटे तक बिजली बंद कर रही है। इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि बारिश में तेज आंधी चलती है। इससे बिजली की सप्लाई लाइन में पेड़, होर्डिंग्स, कपड़े आदि गिरने से सप्लाई लाइन बाधित होती है। बिना किसी सूचना के बंद से सबसे ज्यादा परेशानी शेड्यूल आउटेज यानी बताकर बिजली बंद होने से होने वाली परेशानी लोगों को सहन भी हो जाती है। वे मानसिक रूप से इसके लिए तैयार रहते हैं। अपने काम का समय भी बदल लेते हैं। लेकिन बिना किसी सूचना के बिजली बंद होने से लोग बेहद परेशान हो जाते हैं। रात में सोते समय एक-दो बजे अचानक लाइट बंद हो जा रही है। कभी सुबह-सुबह 3 से चार बजे के बीच 15 मिनट से आधे घंटे के लिए बिजली बंद हो रही है। कभी-कभी एक से दो घंटे के लिए भी बिजली बंद हो जाती है। मेंटेनेंस के लिए करते है बिजली बंद
अनप्लांड आउटेज कई अप्रत्याशित कारणों से होता है। ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या तेज हवा चलने पर सप्लाई बाधित होती है। कभी-कभी अचानक लोड बढ़ने के कारण तकनीकी दिक्कत आती है। इसे सुधारने बिजली बंद की जाती है। -एम विश्वकर्मा, अधीक्षण अभियंता रायपुर सर्किल-1 एक्सपर्ट – मनोज खरे, पूर्व एमडी पावर वितरण कंपनी मई में ही सबसे ज्यादा खपत, इसलिए बंद होती है लाइट शेड्यूल आउटेज अलग-अलग कारणों से लिया जाता है। कंपनी मेंटनेंस के लिए पूर्व नियोजित आउटेज लेती है। अचानक बिजली बंद होने के पीछे कई कारण होते हैं। आमतौर पर मई में सबसे ज्यादा बिजली बंद होती है। इसे ब्रेकडाउन कहा जाता है। मई में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। इसलिए बिजली की खपत भी ज्यादा होती है। तेज गर्मी और लोड बढ़ने के कारण कई बार ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ जाता है। इससे अचानक बिजली बंद होती है। मई के पूरे महीने लगातार तेज आंधी-तूफान चल रहे हैं। बारिश भी हो रही है। शुरुआती बारिश में ब्रेकडाउन ज्यादा होता है। रात के समय अक्सर बारिश से पहले तेज बिजली चमकती है और तेज हवा भी चलती है। इससे लाइटनिंग अरेस्टर निकल जाता है। आसमान बिजली इंसुलेटर को पंचर कर देती है। इसलिए बारिश में अचानक लाइट बंद हो जाती है। लो-वोल्टेज के कारण रात में बिजली आती-जाती रहती है।


