हरदा पहुंचे सीएम के बेटा-बहू और बेटी-दामाद:हरदा में है मुख्यमंत्री के बड़े बेटे का ससुराल, नर्मदा परिक्रमा पर निकला है परिवार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिजन नर्मदा परिक्रमा के दौरान बुधवार को हरदा जिले के हंडिया पहुंचे। इस धार्मिक यात्रा में उनके दोनों बेटे सपत्निक और बेटी-दामाद शामिल हैं। उन्होंने प्राचीन रिद्धनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक पूजन किया। शाम को रिद्धनाथ घाट पर नर्मदा जी की आरती की गई, जिसमें प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। यह धार्मिक यात्रा 22 दिसंबर को ओंकारेश्वर से शुरू हुई थी। परिक्रमा में मुख्यमंत्री के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु और उनकी नवविवाहित पत्नी डॉ. इशिता के साथ बड़े बेटे वैभव यादव, उनकी पत्नी शालिनी यादव, बेटी डॉ. आकांक्षा यादव और दामाद डॉ. आयुष यादव शामिल हैं। डॉ. अभिमन्यु और डॉ. इशिता का विवाह पिछले महीने 30 नवंबर को उज्जैन में एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुआ था। शादी के 21 दिन बाद ही यह जोड़ा नर्मदा यात्रा पर निकला है। हरदा में है सीएम के बड़े बेटे का ससुराल
हंडिया में दर्शन के बाद यह दल हरदा पहुंचा। चूंकि मुख्यमंत्री के बड़े बेटे हरदा जिले के ग्राम रोलगांव के दामाद हैं, इसलिए यादव परिवार ने अपनी बेटी-दामाद और उनके भाई-बहनों का अभिनंदन कर उनकी यात्रा के मंगलमय होने की कामना की। हरदा के सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के परिजनों का स्वागत किया। यह नर्मदा परिक्रमा ओंकारेश्वर से प्रारंभ होकर महेश्वर, गरुड़ेश्वर, भरूच, नर्मदा सागर संगम (खंभात की खाड़ी) और अमरकंटक होते हुए पुनः ओंकारेश्वर पहुंचेगी। इस दौरान वे कई धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के साथ सेवा कार्य भी कर रहे हैं, जिसमें नर्मदा घाट पर जरूरतमंदों को कंबल वितरण और दान-दक्षिणा शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *