हरदा जिला मुख्यालय पर अजनाल नदी पर बन रहा एक महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्य महीनों से रुका हुआ है। गुप्तेश्वर मंदिर के पास बन रहे इस पुल का काम एक ट्रांसफार्मर हटाए न जाने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। दो विभागों के बीच तालमेल की कमी को इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है। यह पुल शहरी क्षेत्र को ग्रामीण इलाकों से जोड़ेगा और गुप्तेश्वर मंदिर, बैरागढ़ व मगरधा रोड के सैकड़ों गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ देगा। नया पुल पुराने और जर्जर हो चुके ब्रिज का विकल्प होगा, जो बारिश में अक्सर डूब जाता है और आवागमन बाधित करता है। नया ब्रिज 4 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 120 मीटर, चौड़ाई 8.4 मीटर और नदी तल से ऊंचाई 8 मीटर है। मध्य प्रदेश ब्रिज कॉर्पोरेशन की टीम इस परियोजना पर काम कर रही है। स्थानीय लोगों की शिकायत स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण बैरागढ़ गांव की ओर एप्रोच रोड का निर्माण भी रुका हुआ है और ट्रांसफार्मर (डीपी) नहीं हटाया जा सका। पुल के बनने से बारिश के दिनों में रास्ते बंद होने और पानी उतरने का इंतजार करने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। विभागों के बीच तालमेल की कमी अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर हटाने और अन्य समन्वय कार्यों में देरी के कारण परियोजना शुरू नहीं हो पा रही है। इस बाधा को दूर किए बिना पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा सकता।


