सीजीएसटी और सीमा शुल्क भोपाल की टीम ने हरदा के कमल किशोर जर्दा भंडार और कमल किशोर अग्रवाल एंड कंपनी के परिसरों पर छापा मारकर करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी है। इसका खुलासा होने के बाद कंपनी संचालक ने दो करोड़ रुपए 86 लाख रुपए की टैक्स चोरी की राशि स्वेच्छा से जमा कर दी है। इसके बाद भी जर्दा भंडार और कंपनी के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है और जांच में और भी टैक्स चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है। राजधानी के सीजीएसटी एवं सीमा शुल्क आयुक्त कार्यालय के अफसरों की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कमल किशोर ब्रांड के नाम से तंबाकू की अवैध सप्लाई किए जाने के मामले में छापे की कार्रवाई दो जनवरी को शुरू की है। इसमें तीन करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा जांच शुरू होने के बाद हो चुका है जिसके बाद कमल किशोर ब्रांड से अवैध तम्बाकू सप्लाई करने वाले संचालक ने टैक्स, मुआवजा उपकर एवं जुर्माना की राशि के 2.86 करोड़ रुपए जमा भी कर दिए हैं। ट्रक रोक कर जांच करने पर हुआ खुलासा
सीजीएसटी भोपाल की इन्वेस्टिगेशन शाखा की टीम ने सूचना के आधार पर बगैर ई-वे बिल के कमल किशोर ब्रांड के नाम से सप्लाई के लिए ले जा रहे तंबाकू से भरे एक ट्रक को रोका। इसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ और फिर हरदा स्थित कमल किशोर जर्दा भंडार और कमल किशोर अग्रवाल एंड कंपनी के परिसरों पर एक साथ छापेमारी कर सर्चिंग अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान अघोषित पैकिंग मशीनें और जर्दा की अवैध आपूर्ति से संबंधित कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। इसके बाद कंपनी संचालक ने 2.86 करोड़ रुपए का स्वैच्छिक भुगतान किया। इस मामले में अभी जांच जारी है और फाइनल एसेसमेंट होने पर और भी टैक्स चोरी सामने की उम्मीद जताई जा रही है। ये खबर भी पढ़ें… CGST ने पकड़ी 1.17 करोड़ की सिगरेट भोपाल रेल्वे स्टेशन से सेंट्रल जीएसटी की टीम ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक करोड़ रुपए से अधिक की सिगरेट जब्त की है। यह सिगरेट बगैर ई वे बिल के भोपाल से मुंबई भेजी जा रही थी। आरपीएफ के जवानों की मौजूदगी में हुई इस कार्यवाही में सिगरेट भेजने वाली फर्म पर सवा करोड़ रुपए की पेनल्टी लगाई जाएगी। इसके बाद ही सिगरेट को रिलीज किया जा सकेगा। पूरी खबर पढ़ें


