हरदा में रविवार शाम करीब 7:30 बजे मगरधा रेलवे फाटक के पास एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। घायलों में से एक की पहचान सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम इमलीढाना निवासी शोभिलाल पिता मांगीलाल के रूप में हुई है। दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे का जबड़ा बुरी तरह टूट गया है। पुलिस को मगरधा रोड पर दो युवकों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। इनमें से एक युवक बाइक के नीचे दबा हुआ था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर पड़ा था। शोभिलाल के जीजा ने बताया कि वह हरदा में मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। उसके माता-पिता और भाई गन्ने की कटाई के लिए कर्नाटक गए हुए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा किसी वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक फिसलने से, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। मामले की जांच जारी है।


