हरदा में 17 दिवसीय कमल खेल महोत्सव का शुभारंभ:बच्चों ने मार्च पास्ट किया, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा; ओलिंपिक खेलों को बढ़ावा देना लक्ष्य

हरदा में आज (गुरुवार) जिला ओलिंपिक संघ और कमल स्पोर्ट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 17 दिवसीय कमल खेल महोत्सव का शुभारंभ हो गया। उद्घाटन अवसर पर शहर की नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला, खेड़ीपुरा से हजारों खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट निकाला। इस मार्च पास्ट में शामिल खिलाड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। यह मार्च पास्ट शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंचा, जहां मशाल प्रज्ज्वलित की गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा उपस्थित रहे। कल (26 दिसंबर) से ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। विवेकानंद की जयंती तक चलेंगी प्रतियोगिताएं
जिला ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि ये खेल प्रतियोगिताएं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर से शुरू होकर स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी तक चलेंगी। 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रतियोगिताओं को विराम दिया जाएगा, इस दौरान शो-मैच खेले जाएंगे। महोत्सव में 28 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जो हरदा, टिमरनी और खिरकिया में ब्लॉक स्तर पर आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 5 जनवरी से शुरू होंगी और युवा दिवस पर 12 जनवरी को खेल महोत्सव का समापन होगा। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले में खेल को बढ़ावा देना है। चार साल से हो रहा आयोजन
ओलिंपिक संघ के जिलाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ओलिंपिक खेलों को बढ़ावा देना है, ताकि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शहर और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन पिछले चार सालों से लगातार किया जा रहा है। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए खिलाड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई है, जिससे यह दिन खिलाड़ियों और हरदा के लिए विशेष बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे लाया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *