हरिद्वार से उज्जैन तक 1100 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले एक भक्त का शाजापुर में आगमन हुआ। यह भक्त गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ कावड़ में 51 लीटर गंगाजल लेकर चल रहा है। यात्री का शाजापुर स्थित मां राजराजेश्वरी माता मंदिर प्रांगण में शाम 6 बजे आगमन हुआ। मंदिर प्रांगण पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने कांवड़ यात्री का स्वागत किया। इस दौरान जयकारे लगाए गए और पुष्प वर्षा की गई। लोगों ने भक्त के इस कठिन संकल्प की सराहना की। कंधे पर 51 लीटर गंगाजल का भार और सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करने के बावजूद, यात्री के चेहरे पर थकान की जगह बाबा महाकाल के दर्शन की उत्सुकता और गौ सेवा का संकल्प स्पष्ट था। इस यात्रा का समापन उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर को गंगाजल अर्पित कर किया जाएगा।


