भास्कर न्यूज | लुधियाना महावीर नगर स्थित आयोजित श्री राधा नाम संकीर्तन में शनिवार को भक्ति का ऐसा रंग बरसा कि पूरा क्षेत्र श्रीधाम बरसाना के स्वरूप में नजर आया। श्री हरिनाम प्रचार की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने देर रात तक संकीर्तन का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। जैसे ही मुख्य गायक भैया कृष्ण दास ने मंच संभाला पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और भावपूर्ण भजनों से माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक कर दिया। संकीर्तन के दौरान जब भैया कृष्ण दास ने डफ बाजे कुंवर किशोरी के डफ बाजे भजन छेड़ा तो श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और झूमते हुए नृत्य करने लगे। इसके बाद निताई गौर राधे श्याम ले के नाम झूम लूं, वृंदावन के बांके बिहारी और मस्त फिरूं मैं नाम में तेरे जैसे भजनों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल में मौजूद हर श्रद्धालु राधे-राधे की ध्वनि में इस कदर खोया कि माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। फूलों की वर्षा और सुगंधित धूप के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। आयोजकों ने बताया कि इस संकीर्तन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को हरिनाम संकीर्तन से जोड़ना और समाज में सकारात्मकता फैलाना है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती हुई और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।


