बठिंडा में श्री हरिमंदिर साहिब की पवित्र मर्यादा भंग करने के मामले में शहर के धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह सरां के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एस.एस.पी. डॉ. ज्योति यादव से मुलाकात कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने एस.एस.पी. को सौंपे मांग पत्र में बताया कि एक मुस्लिम व्यक्ति सुबाहु रंगरेज ने श्री हरिमंदिर साहिब के सरोवर में कुल्ला-वजू कर मर्यादा का उल्लंघन किया। इस कृत्य से न केवल सिख समुदाय बल्कि समस्त धार्मिक समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। सुखपाल सिंह सरां ने आरोप लगाया कि यह घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसका उद्देश्य दो समुदायों के बीच तनाव और दंगा फैलाना हो सकता है। मिलीभगत की गहन जांच करने की अपील सरां ने प्रशासन से मांग की कि दोषी के विरुद्ध सख्त धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने घटना के समय दोषी के साथ मौजूद अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने और इस जघन्य कृत्य के पीछे की साजिश व मिलीभगत की गहन जांच करने की भी अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि श्री हरिमंदिर साहिब केवल सिखों का नहीं, बल्कि पूरी मानवता की आस्था का केंद्र है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अपराधी समाज की शांति और भाईचारे के लिए गंभीर खतरा हैं, और यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। एस.एस.पी. डॉ. ज्योति यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर आशुतोष तिवाड़ी, अविनाश तिवाड़ी, परमिंदर बंसल, सन्दीप कुमार, हरि ओम चौहान व अन्य लोग मौजूद थे।


