BPL चौराहे से मंडी गेट तक बनेगी आदर्श रोड:गांधी चौराहा पायलेट जंक्शन, अतिक्रमण हटने के बाद जल्द शुरू होगा काम

मंदसौर शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा, जिसे आमतौर पर बीपीएल चौराहा कहा जाता है, से लेकर मंडी गेट तक के मार्ग को आदर्श रोड के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार शाम एसडीएम, एडिशनल एसपी और एमपीआरडीसी अधिकारियों की अगुवाई में एक संयुक्त दल ने पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। जिसमें गांधी चौराहे को विशेष रूप से बेहतर रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा की गई। बता दें कि आदर्श रोड निर्माण से पहले पिछले महीने इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। अभियान के तहत सड़क के दोनों ओर मौजूद सभी स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त कर मार्ग को पूरी तरह से साफ किया गया, जिससे सड़क चौड़ी और सुगम हो सके। गांधी चौराहे को बनाया जाएगा पायलेट जंक्शन
एमपीआरडीसी के अधिकारी मानवेंद्र सिंह कनेश ने बताया कि आदर्श रोड परियोजना के अंतर्गत गांधी चौराहे को पायलेट जंक्शन के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही रोड मार्किंग, पार्किंग प्लेसमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर भी निरीक्षण किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि इस पूरे मार्ग को आकर्षक और सुंदर स्वरूप दिया जाए। निरीक्षण दल ने गांधी चौराहे के समीप स्थित महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के आसपास पार्किंग व्यवस्था को भी परखा। यहां विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित पार्किंग की संभावनाओं पर विचार किया गया। जल्द शुरू होगा मॉडल रोड का काम
एडिशनल एसपी टी. एस. बघेल ने बताया कि मार्ग से अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया गया है और जल्द ही मॉडल रोड बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग के लिए नपती की जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। घंटाघर के पास बनेगी आदर्श पार्किंग
घंटाघर के नजदीक आदर्श पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिसकी शुरुआत भी हो चुकी है। इससे शहर के व्यस्त इलाके में पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शिवलाल शाक्य, एडिशनल एसपी टी. एस. बघेल, एमपीआरडीसी अधिकारी मानवेंद्र सिंह कनेश, सीएसपी जितेंद्र भास्कर, कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *