हरियाणा के चरखी दादरी के लांसनायक की पंजाब में गोली लगने से मौत हो गई। वह कपूरथला में तैनात थे। परिवार के लोग पार्थिव देह लेने के लिए पंजाब रवाना हो गए हैं। 34 वर्षीय लांसनायक मनोज गांव समसपुर के रहने वाले थे। वह 10 दिन पहले छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे। गुरुवार सुबह ही उनको गोली लगी। गोली कैसे लगी? अभी इस बारे में सेना की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। मनोज 2011 में ग्रेनेडियर में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। घर में मां संतोष देवी, पत्नी रेखा देवी और 2 बच्चे हैं। बेटी 8 साल की तो बेटा 6 साल का है। उनके पिता का निधन हो चुका है। मनोज की एक बहन है।


