हरियाणा को पानी देने के मुद्दे पर आप ने केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया, बिट्टू का पुतला फूंका

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब के जल संसाधनों को लेकर हरियाणा और केंद्र सरकार पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने वीरवार को लुधियाना में भाजपा कार्यालय में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का पुतला फूंका गया और भाजपा के पंजाब विरोधी रवैये की कड़ी निंदा की गई। प्रदर्शन में विधायक अशोक पराशर पप्पी, मदन लाल बग्गा, कुलवंत सिंह सिद्धू, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, जीवन सिंह संगोवाल, मार्कफेड चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही व सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडियां ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार राज्य के जल संसाधनों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा और दिल्ली की सरकारें केंद्र के साथ मिलकर पंजाब से पानी छीनने की साजिश कर रही हैं। यह सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि पंजाब की जनता के अस्तित्व का सवाल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार किसी भी कीमत पर पंजाब के जल पर डाका नहीं डालने देगी। नेताओं ने कहा कि पहले भी केंद्र सरकार ने पड़ोसी राज्यों को औद्योगिक रियायतें देकर पंजाब के उद्योग को नुकसान पहुंचाया है। अब जल संसाधनों को लेकर भी ऐसा ही प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की नदियों और तटवर्ती राज्य होने के अधिकारों पर हमला पंजाब के किसानों, उद्योगों और आम जनता के साथ विश्वासघात है। आप नेताओं ने चेताया कि बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) के निर्देशों से पंजाब की सिंचाई प्रणाली बाधित हो रही है, जिससे न केवल कृषि पर असर पड़ेगा बल्कि बिजली उत्पादन भी घटेगा और प्रदेश में ऊर्जा संकट गहरा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की यह कोशिश पंजाब के अधिकार छीनने की एक सोची-समझी रणनीति है, जिसका डटकर विरोध किया जाएगा। लुधियाना|पंजाब भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट परमिंदर मेहता ने कहा कि पंजाब के पानी के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पंजाब भाजपा पर झूठे आरोप लगाने से बाज आए। भगवंत मान अपनी सरकार कि विफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए पंजाब भाजपा पर घटिया आरोपबाजी पर उतर आए हैं, जिसका मजबूती से जबाब देना भाजपा को आता है। मेहता ने आप सरकार के मंत्री व विधायकों द्वारा लुधियाना भाजपा कार्यालय का घेराव करने पर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विधानसभा पश्चिम के उपचुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के बावजूद अपनी हार को देखते हुए आप भाजपा पर सरकारी दबाव डालना चाहती है। भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि इसका प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता मुंह तोड़ जवाब देने को तैयार है। 2 मई को सुबह 10 बजे भारत नगर चौक पोस्ट ऑफिस के बाहर मुख्यमंत्री के पुतला फूंका जाएगा। पंजाब में संकट पैदा हो सकता है : विधायक आप विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के माध्यम से पंजाब के बहुमूल्य पानी में से 8,500 क्यूसेक पानी हरियाणा को छोड़ने का निर्देश जारी किया है, जिससे पंजाब में संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब की पीठ में छुरा घोंपा है और यह सिर्फ पानी की चोरी नहीं है, बल्कि पंजाब की जीवन रेखा पर हमला है। कहा कि आप अपने पानी की एक भी बूंद हरियाणा को नहीं जाने देगी। चेतावनी दी कि 8,500 क्यूसेक पानी को दूसरी दिशा में मोड़ने से नहरें सूख सकती हैं। किसानों को नुकसान हो सकता है और बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिससे पंजाब अंधकार की ओर बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *