हरियाणा में कोटपूतली-बहरोड़ के युवक का मर्डर:छाती से पिस्टल सटाकर मारी गोली; सवा महीने पहले गया था रेवाड़ी

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के युवक की हरियाणा के रेवाड़ी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सवा महीने पहले ही रेवाड़ी गया था और वहां एक होटल में काम करता था। होटल मालिक के अनुसार, हत्या एक सरपंच और उसके दो साथियों ने की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह युवक की तीनों आरोपियों से कहासुनी हुई थी। देर रात तीनों बाइक पर होटल पहुंचे और पहले होटल के बाहर फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने युवक को पकड़कर उसकी छाती से सटाकर गोली मार दी। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। होटल मालिक और अन्य कर्मचारी घायल युवक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुकेश गुर्जर (35) कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर के बबेरा गांव के रहने वाले थे। परिवार के अनुसार, वे एक से सवा महीने पहले ही काकोड़िया-पटौदी रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने लगे थे। मुकेश आलनपुर (अलवर) में अपनी बहन संतोष के पास रहते थे। वे आखिरी बार तीन महीने पहले बबेरा गांव आए थे, उसी समय आलनपुर में अपनी बहन से मिलकर गए थे। परिवार को बधवार 11 बजे थाने से फोन आने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे रेवाड़ी सदर थाने गए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश को छाती में बांयी तरफ एक गोली लगी थी। घटना के समय वे रात को करीब साढ़े आठ बजे फोन पर बात कर रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई। अब 4 पॉइंट में समझिए मर्डर की पूरी कहानी….. 1. किसी बात को लेकर विवाद हुआ था
होटल मालिक विजयपाल ने रेवाड़ी सदर थाने को दी शिकायत में बताया कि महेश गुर्जर का मंगलवार की सुबह पास के शराब ठेके के पास मेहरचंद (सरपंच, गांव डाबड़ी), तेजपाल (गांव काकोड़िया) और अशोक उर्फ बड्डू (गांव गोकलगढ़) से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त तो लोगों ने मामला शांत करा दिया था। 2. छाती पर सटाकर गोली मारी
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद रात करीब 8 बजे तीनों होटल पर पहुंचे और फायरिंग की। महेश बाहर आया तो तीनों ने उससे फिर झगड़ा शुरू कर दिया। समझाने के बावजूद वे नहीं माने। इसी दौरान अशोक उर्फ बड्डू ने अपनी जेब से पिस्टल निकाली और महेश की छाती पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से महेश मौके पर ही मौत हो गई। 3. बाइक पर फरार हुए आरोपी, एक दबोचा
शिकायत के मुताबिक, गोली मारने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी अशोक उर्फ बड्डू को दबोच लिया। 4. होटल मालिक की शिकायत पर केस दर्ज
एसआई राजेश ने बताया कि होटल मालिक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी आरोपियों की धरपकड़ चल रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *